आज राष्ट्रीय जनता दल प्रदेश कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री व किसान नेता स्व. चौधरी चरण सिंह एवं समाजवादी आंदोलन के प्रखर पुरोधा स्व. भूपेन्द्र नारायण मंडल की पुण्यतिथि संयुक्त रूप से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्री मंगनी लाल मंडल ने की। उपस्थित नेताओं-कार्यकर्ताओं ने दोनों विभूतियों के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश अध्यक्ष का संबोधन:
श्री मंगनी लाल मंडल ने कहा कि चौधरी चरण सिंह अद्वितीय किसान नेता थे। उनका मानना था कि भारत की खुशहाली का रास्ता खेतों और खलिहानों से होकर गुजरता है। जब तक किसानों की दशा नहीं सुधरेगी, देश का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। उन्होंने राजनीति को गांवों और माटी से जोड़कर किसानों-मजदूरों के योगदान को नई पहचान दी।

स्व. भूपेन्द्र नारायण मंडल को महान समाजवादी योद्धा बताते हुए कहा कि 1921 में असहयोग आंदोलन में उन्होंने छात्रों का नेतृत्व किया। 1940 में मधेपुरा में छुआछूत मिटाओ आंदोलन में मुख्य भूमिका निभाई। 1957 में विधायक तथा 1968 व 1972 में राज्यसभा सदस्य रहे। सामाजिक न्याय की लड़ाई में वे कुल छह बार जेल गए और जीवनपर्यन्त शोषितों-वंचितों के लिए संघर्षरत रहे।

उपस्थित प्रमुख नेता: राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, डॉ रामचंद्र पुर्वे, मदन शर्मा, नंदू यादव, हरेंद्र कुशवाहा, निर्भय कुमार अंबेडकर, संजय यादव, डॉ प्रेम कुमार गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पटना से पारस नाथ की खबर!
