80 लाख के लिए किया था किडनैप, खुली करोड़ों की ठगी।

ठगी और अपहरण का खेल उल्टा पड़ा: नौकरी के नाम पर करोड़ों ठगने वाला अपहृत समेत 4 किडनैपर भी जेल गए, हथियार के साथ कुख्यात भी धराया

फतुहा में फिल्मी स्टाइल में हुआ अपहरण का मामला पलट गया। पुलिस जांच में निकला कि जिसे अगवा किया गया वही करोड़ों का ठग निकला। अब अपहृत और चारों अपहरणकर्ता सलाखों के पीछे हैं।

80 लाख के लिए किया था किडनैप, खुली करोड़ों की ठगी
मामला सीतामढ़ी के मेजरगंज निवासी संतोष बिहारी का है। संतोष पर फर्जी तरीके से नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से करोड़ों की ठगी का आरोप है। भागलपुर सबौर के विजय कुमार दास, आशीष कुमार उर्फ मोदी और एक अन्य आशीष ने संतोष से 80 लाख रुपए वसूलने के लिए उसका अपहरण कर लिया।

तीनों ने फोरलेन पर वाटर पार्क के पास संतोष की गाड़ी रुकवाई और उसे दूसरी गाड़ी में बैठाकर फतुहा के छोटी लाइन ले आए। इस काम में फतुहा के बुद्धदेवचक गांव निवासी कृष्णकांत ने भी साथ दिया।

पुलिस की क्विक एक्शन, दोनों गाड़ियां जब्त
अपहरण की सूचना मिलते ही फतुहा पुलिस हरकत में आई। SDPO-1 अवधेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने छोटी लाइन के पास छापा मारकर अपहृत संतोष बिहारी और चारों अपहरणकर्ताओं को धर दबोचा। दोनों गाड़ियां भी जब्त कर ली गईं।

ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांच में अपहरण की कहानी बदल गई। अपहृत संतोष खुद करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने इस केस में दो FIR दर्ज की हैं। अब ठग संतोष के साथ चारों किडनैपर को भी न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

दूसरी बड़ी कार्रवाई: हथियार के साथ कुख्यात पिंटू बाबा गिरफ्तार
इधर शाहजहांपुर थाना पुलिस ने भी बड़ी सफलता हासिल की। सोमवार देर रात एरई गांव में छापेमारी कर कुख्यात अपराधी पिंटू कुमार उर्फ पिंटू बाबा को दबोच लिया।

उसके घर से देसी कट्टा, 17 जिंदा कारतूस और एक खाली मैग्जीन बरामद हुई है। पिंटू पर हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने फतुहा SDPO-1 ऑफिस में दोनों मामलों का खुलासा किया। इस दौरान SDPO-1 अवधेश कुमार, फतुहा के एडिशनल SHO चंदन कुमार और शाहजहांपुर थानाध्यक्ष बमबम कुमार मौजूद रहे।

एक तीर से दो शिकार: फतुहा पुलिस ने एक केस में ठगी के मास्टरमाइंड और किडनैपर्स दोनों को जेल भेजकर दोहरा वार किया है, वहीं शाहजहांपुर पुलिस ने जेल से निकले कुख्यात को दोबारा हथियार समेत पकड़कर अपराध पर लगाम कसी है।

फतुहा से अंकित त्रिपाठी की खास खबर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!