पटना में 19 जून से शुरू होगा तीन दिवसीय ‘आम महोत्सव 2026’

बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना // पारस नाथ गुप्ता !

पटना, 18 जून 2026 कृषि विभाग, बिहार सरकार के उद्यान निदेशालय की ओर से 19 से 21 जून तक पटना स्थित बामेती परिसर में तीन दिवसीय ‘आम महोत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों, वैज्ञानिकों, उद्यमियों, व्यापारियों और निर्यातकों को एक मंच पर लाकर बागवानी में नई तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात को बढ़ावा देना है। इससे किसान बागवानी अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे।

बिहार में आम उत्पादन
बिहार देश के प्रमुख आम उत्पादक राज्यों में है। यहां करीब 1.64 लाख हेक्टेयर में आम की खेती होती है और सालाना उत्पादन लगभग 15.84 लाख मीट्रिक टन है। भागलपुर का जर्दालु, पटना का दीघा मालदह, मधुबनी का कृष्णभोग, सुपौल का गुलाबखास, सीतामढ़ी का बम्बइया, बक्सर का चौसा, मुंगेर का चुरसा मालदह, दरभंगा का कलकतिया और पश्चिमी चंपारण का जर्दा जैसी किस्में अपनी अलग पहचान रखती हैं।

महोत्सव के प्रमुख आकर्षण

  • तकनीक का लाइव डेमो: आम के कीट-रोग पहचान के लिए Plantix App का प्रदर्शन किया जाएगा।
  • IoT और AR/VR अनुभव: स्मार्ट बागवानी तकनीक और वर्चुअल रियलिटी के जरिए बगीचों का वास्तविक अनुभव मिलेगा।
  • ‘आम खाओ, इनाम पाओ’: बच्चों और परिवारों के लिए प्रतियोगिता होगी।
  • कृषि क्विज: कृषि विश्वविद्यालयों के छात्रों के लिए क्विज का आयोजन होगा।
  • क्रेता-विक्रेता सम्मेलन: किसानों को राष्ट्रीय स्तर के व्यापारियों और निर्यातकों से सीधे जोड़ने का मौका मिलेगा, जिससे बेहतर बाजार मिल सके।

महोत्सव में आगंतुक विभिन्न किस्मों के ताजे आम का स्वाद ले सकेंगे और खरीद भी सकेंगे।

कृषि विभाग ने किसानों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों, विद्यार्थियों और आम लोगों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। विभाग का कहना है कि यह आयोजन बिहार की बागवानी विरासत दिखाने के साथ आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती से सतत कृषि विकास का रास्ता खोलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!