बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना / पारस नाथ गुप्ता !
पटना, 23 जून 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष बलिदान दिवस के अवसर पर डॉ. मुखर्जी के नाम पर एक भव्य नया पार्क जनता को समर्पित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, गिनाईं उपलब्धियां
पटना के अटल सभागार, भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर डॉ. मुखर्जी को नमन किया। उन्होंने कहा कि पंडित चाणक्य के बाद अखंड भारत का सपना साकार करने वाले नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थे।

मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा डॉ. मुखर्जी ने ही दिया था। उन्होंने कहा कि 2019 में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इतनी ताकत दी कि उन्होंने कश्मीर से धारा 370 को उखाड़ फेंका।

भाजपा की यात्रा और पीएम मोदी का जिक्र
सम्राट चौधरी ने कहा कि 1984 में जहां भाजपा के केवल 2 सांसद थे, वहीं 2014 में 282 सांसद निर्वाचित हुए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल हुआ है।

सीएम ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के समय 27-28 पार्टियों का गठबंधन था और आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भी लगभग 27-28 पार्टियों के गठबंधन की सरकार है। उन्होंने दोहराया कि “हमलोगों के लिए देश पहले है, फिर व्यक्ति और उसके बाद पार्टी।”

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राधा मोहन सिंह, राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, विधायक रत्नेश कुशवाहा, पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल, पूर्व विधायक पवन जायसवाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा भारत डॉ. मुखर्जी के साथ खड़ा है।
