बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना !
पटना, 03 जुलाई 2026 बिहार में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में आज ‘संकल्प सभागार’ में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा HUDCO के बीच 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे।

समझौते के मुख्य बिंदु:
1. 3 लाख एकड़ में बसेंगे नए शहर
12 प्रस्तावित टाउनशिप लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित होंगी। इनमें अत्याधुनिक आधारभूत संरचना, बेहतर आवासीय सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

2. किसानों की भागीदारी सुनिश्चित
लैंड पुलिंग के माध्यम से किसानों को भी इस योजना में भागीदार बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मुआवजे के लिए आवेदन करने वाले किसानों को 30 दिन के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा।

3. 7 लाख करोड़ का कुल निवेश
बिहार सरकार HUDCO के जरिए 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके अलावा बाहरी स्रोतों से 6 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य है।

4. विश्वस्तरीय सुविधाएं
नए टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, 24×7 पेयजल, सीवरेज, बिजली, हरित क्षेत्र, स्कूल, अस्पताल, वाणिज्यिक और सामाजिक अधोसंरचना जैसी सभी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा:
“यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे राज्य में सुव्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप टाउनशिप विकसित होंगी, जिससे लोगों को उच्चस्तरीय नागरिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जीवन मिलेगा। इस पहल से बड़े पैमाने पर निजी एवं संस्थागत निवेश आएगा और लाखों रोजगार-सृजन होगा। हम शहरीकरण के 35 प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।”

उन्होंने HUDCO को धन्यवाद देते हुए कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। यह कदम बिहार को आधुनिक शहरी विकास में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करेगा।

एमओयू का आदान-प्रदान:
मुख्यमंत्री के समक्ष नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। इस मौके पर दोनों ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा, अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में उपस्थित:
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, सचिव संजय कुमार सिंह, सचिव संदीप कुमार आर० पुडकलट्टी, विशेष सचिव नीलेश रामचन्द्र देवड़े सहित HUDCO और नगर विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
पटना से पारस नाथ गुप्ता !
