मुख्य सचिव ने पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना एवं ULA मॉडल की प्रगति की समीक्षा की

पटना 20 जुलाई 2026 बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं Utility Led Aggregation (ULA) मॉडल की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


बैठक में मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि ULA मॉडल के अंतर्गत पात्र कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं का शीघ्र सत्यापन कर अधिकाधिक लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाए तथा उनके घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने वितरण कंपनियों को निर्देश दिया कि योजना को नवंबर माह तक पूर्ण करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा निरीक्षण (Inspection) के कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही सभी कार्यान्वयन एजेंसियों को आवश्यक सामग्रियों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सामान्य (Normal) मॉडल की भी समीक्षा करते हुए सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बैंकों के साथ नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर सोलर पैनल हेतु ऋण आवेदनों की अनावश्यक अस्वीकृति तथा ऋण स्वीकृति में हो रही देरी का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने फील्ड इंजीनियरों की सक्रिय निगरानी तथा रैंडम टीमों द्वारा स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजना का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में NBPDCL के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार (भा.प्र.से.) ने जिला-वार प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि माउंटिंग स्ट्रक्चर की स्थापना का कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा योजना की प्रगति एवं गुणवत्ता नियंत्रण हेतु मुख्यालय स्तर से सतत निगरानी की जा रही है।
बैठक में SBPDCL के प्रबंध निदेशक श्री सौरव जोरवाल (भा.प्र.से.), सभी जिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!