आय से 2.20 करोड़ अधिक संपत्ति के मामले में लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता के 5 ठिकानों पर SVU की छापेमारी, 1.43 करोड़ की संपत्ति के कागजात बरामद

पटना। भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लघु जल संसाधन विभाग, बांका प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता श्री हरेन्द्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में FIR दर्ज कर उनके पटना, वैशाली और बांका स्थित 5 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

SVU के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के सत्यापन के बाद हरेन्द्र कुमार के विरुद्ध विशेष निगरानी थाना कांड संख्या-23/2026 दिनांक 10.08.2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(1)(b) सह पठनीय 13(2) सह पठनीय 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच का जिम्मा पुलिस उपाधीक्षक श्री राजकुमार सिंह को सौंपा गया है।

क्या है पूरा मामला
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हरेन्द्र कुमार ने वर्ष 2015 में सरकारी सेवा ज्वाइन करने के बाद विभिन्न पदों पर रहते हुए अवैध तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित की। उनके ज्ञात आय स्रोतों से यह संपत्ति 2 करोड़ 20 लाख 99 हजार 900 रुपये अधिक पाई गई है। SVU का आरोप है कि यह संपत्ति गैरकानूनी और नाजायज ढंग से अर्जित की गई है।

कहां-कहां हुई छापेमारी – 11 अगस्त को 5 जगहों पर रेड
माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से सर्च वारंट मिलने के बाद 11.08.2026 को SVU की टीम ने निम्न जगहों पर छापेमारी की:

  1. जनक नंदनी अपार्टमेंट, फ्लैट नं-307, महावीर नगर, थाना-पत्रकार नगर, पटना
  2. कुमारी सोनी, पति-हरेन्द्र कुमार के नाम अपार्टमेंट, थाना-फुलवारीशरीफ, पटना
  3. ग्राम-सिमरवारा, थाना-पातेपुर, जिला-वैशाली स्थित पैतृक आवास
  4. कार्यपालक अभियंता का कार्यालय, लघु संसाधन विभाग, बांका
  5. कृष्णा नगर, थाना-बांका, जिला-बांका स्थित किराए का मकान

छापेमारी में क्या मिला
SVU के अनुसार तलाशी के दौरान अभियुक्त और उनकी पत्नी कुमारी सोनी के नाम से अब तक 8 अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं, जिनकी कुल कीमत 1 करोड़ 43 लाख 33 हजार रुपये है। इसमें पटना, वैशाली और दानापुर के प्लॉट और फ्लैट शामिल हैं।

बरामद प्रमुख संपत्ति:

  • महावीर नगर, पटना में फ्लैट – 71.72 लाख
  • मीठापुर, पटना में फ्लैट – 26.76 लाख
  • दानापुर में प्लॉट – 15 लाख
  • फुलवारीशरीफ, पटना में प्लॉट – 12.47 लाख
  • अन्य प्लॉट और भूमि

इसके अलावा जनक नंदनी अपार्टमेंट के फ्लैट से 9.50 लाख रुपये नकद और लगभग 81 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पैतृक आवास से 3.42 लाख रुपये नकद और जमीन से संबंधित 2 दस्तावेज भी मिले।

SVU को हरेन्द्र कुमार और उनकी पत्नी के नाम SBI, बैंक ऑफ बड़ौदा और बंधन बैंक में 5 बैंक खातों की जानकारी भी मिली है, जिनमें बड़ी रकम जमा होने की संभावना है। एक क्विड रेनो कार, होंडा यूनिकॉर्न बाइक और यामाहा फैसिनो स्कूटी के साथ महंगे सामानों के बिल/वाउचर भी जब्त किए गए हैं।

फिलहाल जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है। SVU ने लोगों से अपील की है कि रिश्वत मांगने से संबंधित शिकायत 0612-2506253 या 9031633644 पर की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!