पटना में ‘भरोसे की च्वॉइस’ कार्यक्रम: CM सम्राट चौधरी बोले- 24 घंटे में 20 घंटे काम करें, तभी समृद्ध होगा बिहार

बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना // पारस नाथ गुप्ता !

पटना, 13 जून 2026 उद्योग, निवेश और जनभागीदारी को बिहार के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य को समृद्ध बनाने के लिए “24 घंटे में 20 घंटे काम करना होगा। न खायेंगे, न खाने देंगे, न सोयेंगे, न सोने देंगे”। वे आज बापू सभागार में जी बिजनेस द्वारा आयोजित ‘भरोसे की च्वॉइस पटना एडिशन’ के 11वें संस्करण का शुभारंभ कर रहे थे।

मुख्य घोषणाएं और बिंदु:

  • 30 दिन में उद्योग क्लियरेंस: ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत अब उद्योग या स्टार्टअप लगाने के लिए आवेदन के 30 दिनों के भीतर क्लियरेंस मिलेगा। नगर निगम और अग्निशमन में आवेदन लंबित नहीं रहेंगे।
  • 12 नई टाउनशिप: बिहार में 6 लाख 25 हजार एकड़ भूमि पर 12 नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इसमें 6.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आएगा। टाउनशिप में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और पार्क भी बनेंगे।
  • जमीन मुआवजा: टाउनशिप के लिए अधिग्रहित जमीन का मुआवजा तत्काल मिलेगा। बेटी की शादी या विपदा की स्थिति में डीएम को आवेदन देने पर राशि सीधे खाते में भेजी जाएगी।
  • बिजली उत्पादन: अगले 2 साल में बिजली उत्पादन क्षमता इतनी बढ़ा दी जाएगी कि अगले 30 साल की जरूरत पूरी हो सके। अभी सरकार 23000 करोड़ रुपये बिजली सब्सिडी दे रही है, जो देश में सबसे ज्यादा है।
  • अधिकारियों पर सख्ती: सहयोग शिविर में आए आवेदनों का 30 दिन में निष्पादन अनिवार्य है। 31वें दिन संबंधित पदाधिकारी स्वतः निलंबित हो जाएंगे। अब तक 3 लाख में से 2.40 लाख आवेदनों का निपटारा हो चुका है।

गौरवशाली अतीत की वापसी का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2000 वर्ष पूर्व बिहार शासन का केंद्र था और स्वर्णिम काल था। “भारत तभी विकसित होगा जब बिहार समृद्ध होगा”। उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 के बीच बिहार पीछे छूट गया। अब CA, कंपनी सेक्रेटरी और उद्योगपति मिलकर बिहार को अग्रणी राज्य बना सकते हैं।

इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
CM ने बताया कि जेपी गंगा पथ अब पटना की लाइफ लाइन है। 6000 करोड़ की लागत से 21 किमी का यह पथ 13 साल में बना। अब गंगा और सोन नदी पर 126 किमी लंबा पथ PPP मोड पर 3 साल में बनेगा। इसमें मुंगेर-भागलपुर के बीच 83 किमी और दीघा-कोइलवर खंड शामिल है। साथ ही सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी एक्सप्रेस-वे भी बनेगा।

पर्यटन और विरासत
सरकारी कर्मियों के लिए बिहार भ्रमण योजना लागू की गई है। बाल्मीकि टाइगर रिजर्व, राजगीर, भीम बांध, विक्रमशिला, पुनौरा धाम, बोधगया जैसे स्थलों को इसमें शामिल किया गया है। शीतला मंदिर के पीछे 200 करोड़ से बन रहा भगवान महावीर का मंदिर 6 माह में तैयार हो जाएगा।

कानून व्यवस्था पर दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब अपराधी पुलिस को चुनौती देता है तो 24 से 48 घंटे में जवाब मिलता है। “पुलिस अपराधियों की नस्लों और पीढ़ियों को तोड़ने का काम कर रही है”।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, जी बिजनेस के प्रबंध सम्पादक अनिल सिंघवी और च्वाइस इंटरनेशनल के एमडी कमल पोद्दार समेत उद्योग जगत के 15000 से अधिक पंजीकृत लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!