पटना: जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने 59 लोगों की सुनी फरियाद, कई मामलों का ऑन-स्पॉट निपटारा

बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना / पारस नाथ गुप्ता !

पटना, 22 जून 2026: जिला पदाधिकारी कुन्दन कुमार ने सोमवार को समाहरणालय में आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से आए 59 लोगों ने डीएम के समक्ष अपनी शिकायतें रखीं, जिनका उन्होंने विस्तार से संज्ञान लिया।

आवेदन पत्रों के आधार पर जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर मामलों का विधिवत निष्पादन करने का निर्देश दिया। कई मामलों में उन्होंने दूरभाष पर अधिकारियों से बात कर मौके पर ही समाधान कराया।

जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ निश्चय के अनुपालन में हर सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक के सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारी आमजन से मिल रहे हैं। इसका मकसद नागरिकों के दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करना है।

आज मुख्य रूप से राजस्व, कृषि, पुलिस, ग्रामीण विकास, भूमि अर्जन, निबंधन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े आवेदन आए। सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई, जिससे आवेदकों ने संतोष जताया।

डीएम ने स्पष्ट किया कि केवल समस्याओं का निपटारा काफी नहीं है, आम जनता की संतुष्टि सबसे जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को हर शिकायत का शत-प्रतिशत निवारण सुनिश्चित करने को कहा।

आगंतुकों ने समस्याओं के साथ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। जिला प्रशासन जनहित में इन सुझावों पर विचार कर आवश्यक निर्णय लेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कामों में जनता को परेशानी न हो, इसके लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र सक्रिय है। अब जन शिकायतों के समाधान के लिए ग्राम पंचायतों के साथ नगर निकायों के वार्डों में भी सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं।

सभी बीडीओ, सीओ और नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को इन शिविरों का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है। वरीय अधिकारियों को शिविरों में समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। अनुमंडल पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में शिविरों की निगरानी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!