बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना/ पारस नाथ गुप्ता !
पटना, 22 जून 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित अतिपिछड़ा वर्ग अभिनन्दन सह आभार समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने अति पिछड़ों को सम्मानित किया है, आगे भी करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश में विश्वास और विकास का वर्ष रहा है। प्रधानमंत्री का सपना विकसित भारत का निर्माण करना है और यह तभी संभव होगा जब विकास की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गांवों में रहने वाले श्रमिकों और परंपरागत रोजगार से जुड़े लोगों को सशक्त बनाने का कार्य किया है। गरीब, पिछड़े, अतिपिछड़े और वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार किसी भी अपराधी के सामने झुकने वाली नहीं है। जो भी अपराध करेगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार अपराधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चला रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपराध और गलत काम करने वाले लोग किसी भ्रम में न रहें। सरकार अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और बिहार को अपराध मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नीट परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले लोगों को नहीं छोड़ा गया और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। इससे सरकार की पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है। बिहार की इस धरती से ही लोकतंत्र का जन्म हुआ। देश ने मुगल शासन, अंग्रेजी हुकूमत और उसके बाद लंबे समय तक कांग्रेस शासन का दौर देखा, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़े और अतिपिछड़े समाज को सम्मान और अधिकार मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव अपने परिवार और अपने आवास के लिये चिंतित हैं। उनकी सुरक्षा में 150 पुलिसकर्मी लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर सारी सुरक्षा लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को ही प्रदान कर दी जाएगी तो अति पिछड़ों की सुरक्षा कैसे होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामाजिक न्याय और आरक्षण के पक्षधर थे लेकिन उस समय कई नेताओं ने इसका विरोध किया था। उन्होंने कहा कि बिहार में पिछड़े वर्गों को आरक्षण दिलाने के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर ने संघर्ष किया था और उस समय कैलाशपति मिश्रा उनके समर्थन में खड़े थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष तौर पर आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिलवाया। उन्होंने कहा कि आज ऐसी स्थिति नहीं है कि कोई यह कह सके कि किसी वर्ग को आरक्षण नहीं मिल रहा है। सभी पात्र वर्गों को संवैधानिक व्यवस्था के तहत आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है।

आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए भी प्रावधान किए गए हैं, जबकि निर्धारित आय सीमा से अधिक आय वाले लोगों को आरक्षण का लाभ नहीं मिलता। बिहार की लगभग 60 प्रतिशत आबादी पिछड़ा और अतिपिछड़ा वर्ग से संबंधित है तथा सरकार इन वर्गों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अति पिछड़ा समाज की भागीदारी और बिहार की समृद्धि के लिये मैं पूरी मुश्तैदी से खड़ा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपने को पूरा करूंगा।

कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को सम्मानित किया गया तथा अतिपिछड़ा समाज के विकास और सशक्तिकरण के लिए सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ राजभूषण निषाद, सांसद राधामोहन सिंह, सांसद शंभूशरण पटेल, सांसद धर्मशीला गुप्ता, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार, खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ प्रमोद कुमार, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद, पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू, विधान पार्षद शीला प्रजापति, विधान पार्षद अनिल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अतिपिछड़ा समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
