तेजस्वी यादव बोले – RJD सामाजिक न्याय का आंदोलन, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें कार्यकर्ता

पटना, 5 जुलाई 2026 राष्ट्रीय जनता दल ने शनिवार को अपना 30वाँ स्थापना दिवस प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार, पटना में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। समारोह में पार्टी नेताओं ने सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और गरीब-किसान-मजदूर-युवा-महिला के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पार्टी के प्रधान महासचिव अब्दुलबारी सिद्दीकी, प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, पूर्व मंत्री रामचंद्र पूर्वे, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान और विधायक रामानंद यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीनानाथ सिंह यादव ने की जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष महताब आलम और अफरोज आलम ने किया।

तेजस्वी यादव ने वर्चुअल माध्यम से किया संबोधित
राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 30 जिलों में चल रहे स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया।

तेजस्वी यादव ने कहा, “राष्ट्रीय जनता दल केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और जन-जन के सम्मान का आंदोलन है। 5 जुलाई सामाजिक न्याय का दिन है, संविधान के स्वाभिमान का दिन है और संकल्प का दिन है। बाबा साहब के संविधान की मूल भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लालू प्रसाद यादव ने RJD की स्थापना की थी।”

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ही RJD की आत्मा और ताकत हैं। “राजद ने कुर्सी के लिए कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। हम बिहार की सेवा और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। 1997 से अब तक 30 साल में पार्टी ने उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन आप सबके सहयोग से हर बाधा पर विजय पाई।”

“NDA सरकार पर निशाना, महंगाई-बेरोजगारी मुद्दा”
तेजस्वी यादव ने वर्तमान हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और गरीबी चरम पर है। किसान-मजदूर तबाह हैं। सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल सब महंगे हो गए हैं। NDA-भाजपा सरकार लगातार संविधान पर हमला कर रही है और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने कहा, “पिछले चुनाव में हमें 2 करोड़ से ज्यादा वोट मिले, जो अब तक का सबसे अधिक है। इससे साफ है कि जनता का भरोसा हम पर है। सत्ता में बैठे लोगों से जनता नाराज है, कोई काम नहीं हो रहा। हमारा कर्तव्य है कि जनता की आवाज को और मजबूत करें।”

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और जनता से लगातार संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि RJD ने हमेशा शोषित, वंचित और उपेक्षित वर्ग की आवाज उठाई है और आगे भी बिहार के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर पूरी ताकत से संघर्ष जारी रहेगा।

समारोह में मौजूद रहे वरिष्ठ नेता
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य मुन्नी रजक, पूर्व विधायक रेखा पासवान, प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव, आभा लता, भाई अरुण कुमार, बल्ली यादव, अरुण सिंह, प्रेम गुप्ता, ई. अशोक यादव, देवकिशन ठाकुर, संजय यादव, विमल कुमार, रोहित यादव, गणेश यादव, रामदुलारी देवी, जेम्स यादव, मनोज यादव, अजय कुमार, दीपक मांझी सहित पटना जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!