बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क / पटना / पारस नाथ गुप्ता !
पटना, 05 जुलाई 2026 राज्य सरकार ने पटना एम्स के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए बड़े फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज एम्स, पटना का निरीक्षण कर संस्थान की व्यवस्थाओं और विकास योजनाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एम्स के विस्तार में हरसंभव सहयोग करेगी। एम्स के विस्तार के लिए 24 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। अतिरिक्त जमीन मिलने के बाद पटना एम्स में लगभग 200 नए बेड बढ़ेंगे, जिससे मरीजों की सेवा क्षमता में बड़ा इजाफा होगा।

मुख्य घोषणाएं
- 24 एकड़ जमीन: एम्स विस्तार के लिए राज्य सरकार जमीन उपलब्ध कराएगी। इससे 200 नए बेड जुड़ेंगे।
- 4 लेन सड़क: एम्स, पटना से नाथूपुर तक 4 लेन सड़क का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इससे मरीजों और परिजनों को आवागमन में सुविधा होगी।
- बर्न मरीजों के लिए स्किन स्टोरेज: गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के बेहतर इलाज के लिए स्किन स्टोरेज की व्यवस्था विकसित की जाएगी। राज्य सरकार इसके लिए पूर्ण सहयोग देगी।
- तालाब का जीर्णोद्धार: एम्स परिसर स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण कर उसे पर्यटन और आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा।

एम्स से नाथूपुर तक 4 लेन सड़क और परिसर के तालाब का जीर्णोद्धार भी होगा

निरीक्षण के दौरान
मुख्यमंत्री ने बर्न वार्ड जाकर इलाज करा रहे मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों का हाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इसके बाद डिपार्टमेंट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन में PET-CT रूम, SPECT-CT रूम और रेडियो फार्मेसी लैब का निरीक्षण किया। डिवीजन ऑफ ऑन्कोलॉजी, डिपार्टमेंट ऑफ एनाटॉमी और OPD में भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। एम्स, पटना के विकास से जुड़े हर काम में सरकार सक्रिय सहयोग करेगी।”

कौन रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, विशेष सचिव अरविंद कुमार चौधरी, BMSICL के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन और एम्स के निदेशक प्रो. (ब्रिग.) डॉ. राजू अग्रवाल सहित कई वरीय अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित थे।
