पटना, 6 जुलाई 2026 ऊर्जा सचिव-सह-अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड अजय यादव, भा.प्र.से. ने सोमवार को विभाग की सभी प्रमुख डिजिटल परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

समीक्षा बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल, भा.प्र.से. सहित बिहार की सभी विद्युत कंपनियों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के मुख्य बिंदु
1. RMS से राजस्व और बिलिंग में तेजी
ऊर्जा सचिव ने RMS यानी Revenue Management System के जरिए राजस्व संग्रहण, बिलिंग, वसूली और वित्तीय निगरानी की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने कहा कि RMS को और मजबूत कर उपभोक्ताओं को समय पर सही बिल और बेहतर सेवा दी जाए।
2. ERP से होगा एकीकृत डिजिटल कामकाज
ERP के तहत HR, वित्त, सामग्री प्रबंधन, खरीद और लेखा जैसी सभी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को एक प्लेटफॉर्म पर लाने की प्रगति देखी गई। सचिव ने सभी कार्यालयों में जल्द से जल्द ERP को पूरी तरह लागू करने का निर्देश दिया।
3. ‘सुविधा बिहार’ ऐप से घर बैठे मिलेंगी बिजली सेवाएं
‘सुविधा बिहार’ ऐप के जरिए उपभोक्ताओं को मिल रही ऑनलाइन सेवाओं की समीक्षा की गई। बिल भुगतान, शिकायत निवारण, नया कनेक्शन और अन्य नागरिक सेवाओं को और सरल एवं तेज बनाने पर जोर दिया गया।
4. C-SOC से 24×7 साइबर सुरक्षा
बैठक में Cyber Security Operation Center यानी C-SOC की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा हुई। सचिव ने विद्युत क्षेत्र के IT और OT नेटवर्क की 24×7 निगरानी, साइबर खतरों की समय पर पहचान और त्वरित कार्रवाई के लिए सिस्टम को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
क्या कहा ऊर्जा सचिव ने
अजय यादव ने कहा, “डिजिटल प्रणालियों के प्रभावी उपयोग से कामों में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही बढ़ेगी। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर और तेज सेवाएं मिलेंगी।”
उन्होंने सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली को अनिवार्य रूप से अपनाने का निर्देश भी दिया।
सचिव ने अधिकारियों को सभी डिजिटल परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और आपसी समन्वय से काम करने को कहा, ताकि तकनीक का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचे और बिजली सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो।
