ड्रोन तकनीक से होगी स्मार्ट खेती, 38 जिलों में होगा फसल संरक्षण और पोषक तत्वों का छिड़काव

पटना, 09 जुलाई 2026 | बिहार सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर कृषि को लाभकारी और टिकाऊ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक के व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ₹11.81 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।

इस योजना के तहत राज्य के सभी 38 जिलों में कृषि ड्रोन के माध्यम से फसल संरक्षण और पोषक तत्वों का छिड़काव किया जाएगा।

ड्रोन से किसानों को होंगे ये फायदे
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कृषि ड्रोन कम समय में अधिक क्षेत्रफल पर काम करने में सक्षम है। इससे किसानों की लागत कम होगी, श्रम की बचत होगी और उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि होगी।

उन्होंने बताया कि ड्रोन के उपयोग से कीटनाशकों, फफूंदनाशकों और सूक्ष्म पोषक तत्वों का वैज्ञानिक एवं समान वितरण संभव होगा। पारंपरिक छिड़काव की तुलना में यह अधिक तेज, सुरक्षित और प्रभावी है। इससे रासायनिक दवाओं और उर्वरकों का बेहतर प्रबंधन होगा, अनावश्यक उपयोग में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही छिड़काव के दौरान किसानों के स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी कम होंगे।

किसे मिलेगा लाभ और कैसे
इस योजना में किसानों, कृषि उद्यमियों, कृषक समूहों और कृषि यंत्र सेवा प्रदाताओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। छोटे और सीमांत किसानों के लिए सामुदायिक स्तर और सेवा प्रदाता मॉडल के जरिए कम लागत पर ड्रोन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण, प्रदर्शन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। किसानों को डीबीटी पोर्टल के माध्यम से योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलेगा। पात्र किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

भविष्य की योजना
कृषि मंत्री ने कहा कि ड्रोन का उपयोग भविष्य में फसल स्वास्थ्य निगरानी, रोग एवं कीट पहचान और पोषक तत्वों की स्थिति के आकलन में भी बढ़ाया जाएगा। इससे किसानों को वैज्ञानिक निर्णय लेने में मदद मिलेगी।

ड्रोन तकनीक के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में नए उद्यमिता अवसर भी बनेंगे। प्रशिक्षित युवा ड्रोन सेवा प्रदाता और कृषि उद्यमी के रूप में काम कर सकेंगे।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का समावेश ही भविष्य की आवश्यकता है। ड्रोन आधारित कृषि न केवल उत्पादन लागत कम करेगी बल्कि जल और संसाधनों के कुशल उपयोग को भी सुनिश्चित करेगी। हमारा लक्ष्य कृषि को युवा पीढ़ी के लिए आकर्षक और रोजगारपरक बनाना है।”

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कृषि विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आधुनिक तकनीक अपनाकर अपनी आय बढ़ाएं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!