विपक्ष की आवाज दबाने की साजिश, होटल सील कर पुलिस ने पार की हर सीमा : देव ज्योति

पटना/लखनऊ, 9 जुलाई 2026 | विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय प्रमुख प्रवक्ता देव ज्योति ने कुशीनगर में पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की प्रस्तावित प्रेस वार्ता से पहले होटल शिवायम पैलेस को पुलिस द्वारा सील किए जाने की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्ष की आवाज को दबाने की साजिश रची जा रही है।

कुशीनगर में मुकेश सहनी की प्रेस वार्ता से पहले होटल सील, VIP ने कहा – लोकतंत्र पर हमला

देव ज्योति ने बताया कि आज अपराह्न 3 बजे होटल शिवायम पैलेस में मुकेश सहनी मीडिया को संबोधित करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने होटल को सील कर दिया।

उन्होंने कहा, “यह कार्रवाई पूरी तरह अलोकतांत्रिक, दुर्भावनापूर्ण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। यदि एक राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण ढंग से प्रेस वार्ता करने की भी अनुमति नहीं दी जाती, तो यह लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक संकेत है।”

वीआईपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग हो रहा है।

उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं, बल्कि हिटलरशाही जैसी कार्यशैली देखने को मिल रही है। प्रेस वार्ता रोकने के लिए होटल सील करना लोकतंत्र की हत्या है।”

देव ज्योति ने सरकार से मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक दलों और नेताओं की आवाज को इस तरह दबाने का हर प्रयास जनता के अधिकारों का भी अपमान है।

वीआईपी ने इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कुठाराघात बताया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!