पटना में दो स्थानों पर सीएम सम्राट चौधरी ने की जगन्नाथ रथ यात्रा की शुरुआत, लगाई झाडू और खींचा रथ

बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना // पारस नाथ गुप्ता !

पटना, 16 जुलाई 2026 मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दो उद्घाटन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पहले बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर और इसके बाद गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में आयोजित रथ यात्रा में वे शामिल हुए।

इस्कॉन मंदिर में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ की आरती की। परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री ने रथ यात्रा मार्ग पर स्वयं झाडू लगाकर सफाई का संदेश दिया और रथ की रस्सी खींचकर यात्रा को रवाना किया।

इस्कॉन मंदिर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष रमन मनोहर दास ने मुख्यमंत्री का पुष्पमाला, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी पहुंचे। यहां बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद द्वारा आयोजित रथ यात्रा में उन्होंने फिर से आरती की, मार्ग में झाडू लगाई और रथ खींचा। पूजा के दौरान उन्होंने राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष रणवीर नंदन ने मुख्यमंत्री को पुष्पमाला और अंगवस्त्र भेंटकर अभिनंदन किया।

उद्घाटन में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधानसभा सभापति अवधेश नारायण सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, उच्च शिक्षा सह विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुशवाहा और श्याम रजक सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

इस्कॉन मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य राधापति चरण दास, धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य शायन कुणाल और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी रथ यात्रा में शामिल हुए।

दोनों स्थानों पर भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। ढोल-नगाड़े और जयकारों के बीच रथ यात्रा पूरे उत्साह के साथ निकाली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!