पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली (यूएलए) योजना में लापरवाही करने वाले वेंडर्स पर होगी सख्त कार्रवाई : ऊर्जा सचिव

पटना।31 जुलाई 2026 प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (यूएलए) के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को ऊर्जा विभाग के सचिव-सह-अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) श्री अजय यादव (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में वेंडर्स के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


बैठक में योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता, स्थापना की गति, निर्धारित समयसीमा के अनुपालन तथा कार्यान्वयन के दौरान आने वाली चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न जिलों में चल रहे कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।


समीक्षा के दौरान ऊर्जा सचिव अजय यादव ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं यूएलए वेंडर्स को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक स्थापना कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो तथा तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां बेहतर समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाएं ताकि योजना का लाभ समय पर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं करने वाले अथवा कार्य में अनावश्यक विलंब करने वाले वेंडर्स के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी एजेंसियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

विज्ञापन

बैठक में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार (भा.प्र.से.), साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के प्रबंध निदेशक श्री सौरव जोरवाल (भा.प्र.से.) सहित विभाग एवं बिजली कंपनियों के वरीय अधिकारी तथा यूएलए योजना से जुड़े वेंडर्स के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!