बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना / पारस नाथ गुप्ता !
पटना, 11 जून: पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर आज पटना में जनसंपर्क अभियान चलाया और पूजा-अर्चना की।

बुधवार को सांसद रविशंकर प्रसाद दरियापुर गोला स्थित ब्रह्म स्थान मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और ऊर्जावान जीवन के लिए भगवान से प्रार्थना की। उन्होंने पटना साहिब समेत पूरे प्रदेश और देशवासियों की तरक्की की भी कामना की।

ढोल-नगाड़ों के साथ निकला पैदल मार्च
पूजा के बाद सांसद रविशंकर प्रसाद कार्यकर्ताओं के साथ पैदल ही ब्रह्म स्थान से बिड़ला मंदिर रोड तक गए। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की धुन पर उनके साथ चल रहे थे। जनसंपर्क अभियान में बांकीपुर विधानसभा के विश्वविद्यालय मंडल अध्यक्ष कृष्ण प्रकाश पप्पू, मंडल प्रभारी विमल कश्यप, वार्ड 39 के पार्षद राहुल यादव, अजीत लाली और पूर्व मेयर संजय भी शामिल हुए।

12 साल की उपलब्धियां गिनाईं
जनसंपर्क के दौरान सांसद ने आम लोगों, दुकानदारों और फुटपाथ विक्रेताओं से मुलाकात कर मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बीते 12 वर्षों में कई अविस्मरणीय निर्णय लिए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है और मुश्किल दौर में भी देशवासियों को भरपूर मदद मिली है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा, “आज पूरा विश्व युद्ध के संकट से गुजर रहा है, फिर भी भारत में शांति है। वैश्विक मंदी के बावजूद भारत अपनी अर्थव्यवस्था को स्थिर रखने में सफल रहा है। देश में तेल और रसोई गैस की पर्याप्त व्यवस्था है। ये सब प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक कूटनीतिक जीत और निर्णायक फैसलों से संभव हुआ है।”

‘2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य‘
उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने मई 2014 में शपथ ली और तब से लगातार देश सेवा में जुटे हैं। “2047 तक भारत को विकसित देशों में शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लगातार प्रयास हो रहे हैं। उसी का परिणाम है कि आज हमारा देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।”

इस अभियान में पप्पू चौधरी, मुकेश ठाकुर, अंकित लकी, दीपू चंद्रवंशी, रमेश चंद्रवंशी, पिंकी गुप्ता, टिंकू जी, राजेश चाय स्टॉल समेत सैकड़ों स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
