बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना / पारस नाथ !
पटना, 20 जून 2026: बिहार में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने और निवेशकों के लिए माहौल बेहतर बनाने को लेकर उद्योग विभाग ने प्रमुख उद्योग संगठनों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक की अध्यक्षता उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने की। संचालन उद्योग विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आयडा, कुंदन कुमार ने किया। स्वागत संबोधन उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने दिया।

बैठक में बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए), बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) और कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के प्रतिनिधि शामिल हुए। निवेश संवर्धन, आधारभूत संरचना, नीतिगत सुधार और उद्योगों के सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्योग संगठनों ने कई सुझाव भी दिए, जिन पर विभाग ने कार्रवाई का भरोसा दिया।

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि सरकार प्रतिस्पर्धी और निवेशक-अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र बनाने को प्रतिबद्ध है। अब उद्योग विभाग और संगठनों के बीच हर 30 से 45 दिन पर नियमित समन्वय बैठक होगी। इससे मुद्दों का त्वरित समाधान और नीतियों के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।

सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि विभाग निवेशकों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं देने के लिए काम कर रहा है। नियमित संवाद से निवेश बढ़ेगा और रोजगार सृजन को बल मिलेगा।
बैठक में निदेशक, हस्तकरघा एवं रेशम निदेशालय, विद्यानंद सिंह, बियाडा-आयडा के वरिष्ठ पदाधिकारी और उद्योग विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
