जहानाबाद में नक्सलवाद उन्मूलन पर पीआईबी की मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ आयोजित

बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना / पारस नाथ !

जहानाबाद/पटना, 20 जून 2026 सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की मीडिया इकाई प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो, पटना ने जहानाबाद समाहरणालय परिसर स्थित “ग्राम प्लेक्स” में शुक्रवार को “नक्सलवाद से मुक्ति, सशक्त भारत की शक्ति” विषय पर एकदिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया। यह कार्यक्रम “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत आयोजित हुआ।

कार्यशाला का उद्घाटन सीआरपीएफ बिहार सेक्टर के महानिरीक्षक राज कुमार, जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और पीआईबी पटना के उप निदेशक लौकिक पारख ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

नक्सलवाद से मुक्ति सामूहिक प्रयासों की जीत: आईजी सीआरपीएफ
मुख्य अतिथि राज कुमार ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्ति भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि एक समय बिहार के 22 जिले नक्सल प्रभावित थे और रेड कॉरिडोर देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती था। उन्होंने कहा, “अभियानों के दौरान कई बार लगता था कि नक्सलवाद का पूर्ण अंत संभव नहीं होगा। लेकिन केंद्र सरकार के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस, स्थानीय प्रशासन के समन्वय, जनता के सहयोग और मीडिया की जिम्मेदार रिपोर्टिंग से यह चुनौती समाप्त हुई।”

विकास की कहानियां सामने लाए मीडिया: डीएम
विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने कहा कि नक्सलवाद के उन्मूलन में सुरक्षा एजेंसियों और जवानों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार, सुरक्षा बलों और जनता के संयुक्त प्रयासों से आज नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है। उन्होंने मीडिया से विकास, शांति और जनकल्याण से जुड़ी सकारात्मक खबरों को प्रमुखता देने का आग्रह किया।

80 के दशक जैसा भय अब नहीं’ : अपर समाहर्ता
अपर समाहर्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि 1980 के दशक में नक्सलवाद का व्यापक प्रभाव था और लोगों में भय का माहौल था। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। जहानाबाद सहित पूरे क्षेत्र में विकास और शांति का वातावरण है। अब नक्सलवाद का नामोनिशान नहीं दिखता।

मीडिया को बताया बदलाव का सशक्त माध्यम
कार्यक्रम की शुरुआत में पीआईबी पटना के उप निदेशक लौकिक पारख ने कहा कि मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और जनजागरूकता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच ने नक्सलवाद समाप्त करने में अहम भूमिका निभाई है।

कार्यशाला में उप-महानिरीक्षक पी. कुजूर, कमांडेंट नरेश कुमार जायसवाल, डीएसपी जहानाबाद, क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा, पीआईबी के संदीप कपूर, ज्ञान प्रकाश, हितेश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!