बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना !
पटना, 25 जून 2026: जिलाधिकारी कुन्दन कुमार के निर्देश पर गुरुवार को पटना जिला प्रशासन, नगर निगम और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के 9 अंचलों में एक साथ अतिक्रमण मुक्ति अभियान चलाया।

कहाँ-कहाँ चली कार्रवाई
अभियान पटना सिटी, पाटलिपुत्रा, अजीमाबाद, नूतन राजधानी, बांकीपुर, कंकड़बाग अंचल के अलावा नगर परिषद फुलवारीशरीफ, खगौल और दानापुर में भी चलाया गया।

प्रमुख स्थानों में चौक थाना मोड़ से मालसलामी थाना तक अशोक राज पथ, भूपतिपुर चौक, ठेलवा रोड, एनएच-139 थाना गोलम्बर से पेठिया बाजार, ज्ञान भवन से खाऊ गली तक, गाँधी मैदान के चारों तरफ, दानापुर रेलवे स्टेशन से विजय सिंह यादव पथ तथा बिबिगंज मोड़ से झखरी महादेव मंदिर तक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

कार्रवाई में क्या हुआ
संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान सड़क किनारे रखी कई सामग्रियों को जब्त किया और स्थायी व अस्थायी अवसंरचनाओं को ध्वस्त किया। गायघाट बैरियर से शनिचरा मंदिर नहर रोड तक भी अतिक्रमण हटाया गया।

अबतक ₹15.57 लाख की वसूली
जिला जन-सम्पर्क शाखा के अनुसार, आज के अभियान में दंड स्वरूप कुल ₹51,100 की वसूली की गई। इसके साथ ही अबतक चलाए गए अभियानों में दंड के रूप में कुल ₹15,57,350 की राशि वसूली जा चुकी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त रखने के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
