पटना, 8 जुलाई 2026 दरभंगा में खुल रही सकरी और रैयाम चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना दिलाने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। जिला प्रशासन ने ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026’ के तहत चार विभागों को मिलकर युद्धस्तर पर काम करने का निर्देश दिया है।

क्या है पूरा प्लान
सरकार का लक्ष्य है कि नई मिलों को कच्चा माल समय पर मिले और किसान गन्ने की लाभकारी खेती से जुड़ें। इसके लिए राज्य स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक कमेटियां बनाकर सघन अभियान चलाया जाएगा।

राज्य स्तर पर 2 जुलाई को गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक हो चुकी है। इसमें जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की कमेटियों को सक्रिय करने और किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन व सरकारी योजनाओं की जानकारी समय पर देने के निर्देश दिए गए।

आज दरभंगा के जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी और गन्ना उद्योग विभाग के सहायक निदेशक ईख विकास मौजूद थे।
चार विभाग, चार स्तर पर काम
इस अभियान में गन्ना उद्योग, कृषि, सहकारिता और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मिलकर काम करेंगे। अभियान को चार स्तरों पर चलाया जाएगा – राज्य, जिला, प्रखंड और पंचायत।
जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी और सहायक निदेशक ईख विकास मिलकर गन्ना क्षेत्र का विस्तार कराएंगे और किसानों को ज्यादा से ज्यादा गन्ना खेती से जोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
अधिकारी जाएंगे खेत तक
इस योजना की सबसे खास बात है “खेत तक सेवा”। पंचायत और प्रखंड स्तर के अधिकारी और कर्मी अब सीधे किसानों के घर और खेतों पर जाएंगे।
वे किसानों को गन्ने की उन्नत खेती की तकनीक बताएंगे और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। बीज-खाद या फसल के दौरान आने वाली किसी भी समस्या को मौके पर ही सुलझाया जाएगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के जरिए गांव-गांव में जागरूकता फैलाने का काम भी होगा।
प्रशासन को उम्मीद है कि विभागों के साझा प्रयास और समय पर मदद से दरभंगा के किसान गन्ने की खेती की तरफ तेजी से बढ़ेंगे। इससे नई मिलों को संजीवनी मिलेगी और क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
- ऊर्जा सचिव: बिहार बना देश का लीडर, 92 लाख प्रीपेड मीटर से रचा रिकॉर्ड।
- प्रमंडलीय आयुक्त ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का लिया जायजा
- CSR के तहत ऊर्जा सचिव अजय यादव ने 12 जिलों के आवासीय कन्या विद्यालयों को सौंपे 72 स्मार्ट टीवी
- 2019-2026 में 36 देशों से 274 भगोड़े वापस लाए गए, प्रत्यर्पण बना राष्ट्रीय प्राथमिकता
- मेयर ने कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों से की बैठक, तीन मांगों पर बुधवार को होगी स्थायी समिति में चर्चा
