नवीकरणीय ऊर्जा में बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा, केंद्र हरसंभव सहयोग देगा : केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी

बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क / पटना/ पारस नाथ गुप्ता !


पटना, 09 जुलाई 2026 | बिहार में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को गति देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी की उपस्थिति में गुरुवार को 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पीएम-कुसुम, यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन, फ्लोटिंग सोलर, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली, ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर, लघु जल विद्युत परियोजनाओं, सरकारी भवनों के सोलराइजेशन सहित अन्य अक्षय ऊर्जा योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के प्रमुख बिंदु

  1. पीएम सूर्य घर योजना: ULA मॉडल के तहत केंद्र ने 2.50 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के लिए रूफटॉप सोलर की स्वीकृति दी है। राज्य ने योजना का विस्तार कर 10 लाख उपभोक्ताओं तक लाभ पहुंचाने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा है। RESCO मॉडल से उपभोक्ताओं को बिना अग्रिम लागत के सोलर मिलेगा। प्रथम चरण में 1.25 लाख इंस्टॉलेशन की प्रगति संतोषजनक रही तो अतिरिक्त 2.50 लाख उपभोक्ताओं के लिए स्वीकृति पर प्राथमिकता से विचार होगा।
  2. पीएम-कुसुम योजना: कृषि फीडरों के सोलरीकरण और कृषि क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा उपयोग बढ़ाने पर जोर। इससे राज्य पर बिजली सब्सिडी का बोझ कम होगा और उद्योगों को प्रतिस्पर्धी दर पर बिजली मिलेगी।
  3. निवेश: राज्य में लगभग ₹1.35 लाख करोड़ के निवेश वाली विभिन्न नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
  4. नई पहल: मुख्यमंत्री ने ‘सूर्य मित्र’ की तर्ज पर “सोलर दीदी” कार्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया, ताकि ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी बढ़े और रूफटॉप सोलर के प्रति जागरूकता बढ़े। मॉडल सोलर विलेज और सरकारी भवनों के सोलराइजेशन में तेजी लाने को भी कहा गया।


केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बिहार के ULA मॉडल की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार राज्यों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वीकृतियां ‘First Come, First Serve’ आधार पर मिल रही हैं, इसलिए बिहार को अवसरों का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने फ्लोटिंग सोलर, BESS और ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर में भी प्रस्ताव भेजने को कहा।

ऊर्जा सचिव अजय यादव ने PPT के जरिए राज्य की प्रगति और भावी योजनाओं की जानकारी दी।
MNRE सचिव संतोष कुमार सारंगी ने कहा कि केंद्र तकनीकी, नीतिगत और वित्तीय सहयोग देगा।

ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि केंद्र के सहयोग से बिहार नवीकरणीय ऊर्जा में तेजी से काम कर रहा है।

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, MNRE के संयुक्त सचिव अनुपम कुमार सहित ऊर्जा विभाग और डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!