अब 75 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को भी मिलेगी घर बैठे निबंधन की सुविधा: मुख्यमंत्री

पटना, 11 जुलाई 2026 मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज जिला निबंधन कार्यालय, वैशाली (हाजीपुर) में राज्य की अत्याधुनिक डिजिटल एवं पेपरलेस निबंधन प्रणाली ‘होम रजिस्ट्री डिजिटल सिस्टम’ के तहत चार महत्वपूर्ण सेवाओं – होम रजिस्ट्रेशन, भूमि संबंधी ऑनलाइन जांच, पेपरलेस निबंधन एवं जी.आई.एस. तकनीक से स्थल निरीक्षण का शुभारंभ किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए होम रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के पहले डिजिटल निबंधन की सेवा प्राप्त करने वाले 83 वर्षीय अवधेश कुमार के निबंधन प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री के समक्ष मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा विकसित पेपरलेस निबंधन प्रणाली पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से होम रजिस्ट्रेशन की सुविधा बिहार के लाखों बुजुर्गों को उनके घर पर उपलब्ध करायी जा रही है। बिहार डिजिटल शासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पहले पेपरलेस निबंधन प्रणाली की सुविधा 80 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों को उपलब्ध करायी जानी थी, जिसमें अब उम्र सीमा घटाई गई है। अब यह सुविधा 75 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को भी घर बैठे उपलब्ध करायी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों के ईज ऑफ लिविंग को बढ़ाना तथा सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को विकसित बनाने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का संकल्प लिया है। हमारी सरकार समृद्ध बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। सरकार के प्रयास और बुजुर्गों के आशीर्वाद से बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैशाली की धरती ऐतिहासिक है, जो भगवान बुद्ध और भगवान महावीर से जुड़ी होने के साथ-साथ लोकतंत्र की जननी है। यह रामविलास पासवान का कार्य क्षेत्र रहा है। उन्होंने आपसी बंटवारे और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए राज्य से बाहर रहने वाले लोगों को भी एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल निबंधन की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने निबंधन कार्यालयों में आने वाले लोगों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेपरलेस निबंधन प्रणाली डिजिटल बिहार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे निबंधन प्रक्रिया सुरक्षित, सरल, पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी। अब आवेदकों को निबंधन से जुड़े दस्तावेज व्हाट्सएप एवं ई-मेल के माध्यम से भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

नई व्यवस्था में भूमि की खरीद-बिक्री से पहले जी.आई.एस. तकनीक एवं ऑनलाइन सत्यापन के माध्यम से भूमि की वास्तविक स्थिति की पुष्टि की जाएगी। इससे खरीदारों के हित सुरक्षित होंगे, विवादों में कमी आएगी तथा भूमि लेन-देन में पारदर्शिता और विश्वास बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 जुलाई को बिहार के विभिन्न प्रखंडों में 213 नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत होगी, जिससे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा का विस्तार होगा। नई डिजिटल प्रणाली के तहत अब भूमि निबंधन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन एवं पेपरलेस होगी। इससे समय की बचत होगी, अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, पारदर्शिता आएगी और भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी।

उन्होंने कहा कि हर महीने की 10 तारीख को डी.बी.टी. के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जुड़े करीब एक करोड़ लाभार्थियों को 1100 रुपये पेंशन की राशि उनके बैंक खाते में भेजी जाती है, इससे उनके जीवन में बदलाव आया है।

कार्यक्रम में डिजिटल रजिस्ट्रेशन सुविधा विकसित करने वाले सर्विस प्रोवाइडर से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री के आगमन पर जीविका दीदियों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव नवीन कुमार ने स्वागत भाषण किया तथा जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, जदयू प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक सिद्धार्थ पटेल, विधायक संजय कुमार सिंह, विधायक अवधेश सिंह, विधायक महेंद्र राम, विधान पार्षद अशरफ अंसारी, विधान पार्षद वंशीधर व्रजवासी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव नवीन कुमार, तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक चंदन कुशवाहा, जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!