ऊर्जा सचिव ने पीएम-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर स्थापित सोलर पैनलों की जमीनी स्थिति का लिया जायजा

पटना : आज ऊर्जा सचिव एवं अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड अजय यादव (भा.प्र.से.) ने पटना जिला के मसौढ़ी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल अंतर्गत ढिबरा पंचायत के हसनपुरा ग्राम एवं आस-पास के क्षेत्रों का दौरा कर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लगाये जा रहे कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सोलर पैनलों की स्थापना और उनकी कार्यप्रणाली की जमीनी हकीकत का जायजा लिया । श्री यादव ने प्रत्यक्ष रूप से कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं से मिलकर उनके अनुभव सुने तथा स्थानीय अधिकारियों को क्रियान्वयन में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ऊर्जा सचिव ने लाभार्थियों से सीधी बातचीत कर पैनल स्थापना व रोज़मर्रा उपयोग के संबंध में समस्याओं को सुना । उन्होंने सोलर पैनल की अधिष्ठापना में उपभोक्ताओं की सुविधा का भी ख्याल रखने का निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिया ।

सर्वेक्षण के दौरान पाया गया कि उपकरणों की सही चैकिंग, माउंटिंग और लाभार्थियों को सोलर पैनल की सही उपयोगिता प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान की आवश्यकता है।

श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थापना कार्य तय समय-सीमा के भीतर हो, गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा लाभार्थियों को पैनल के रख-रखाव और सुरक्षा के बारे में सुलभ प्रशिक्षण व जानकारी दी जाए साथ ही दक्ष कर्मियों द्वारा सोलर पैनल लगाने का भी निर्देश दिया गया । पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभाव को और प्रसारित करने के लिए स्थानीय स्तर पर जागरूकता शिविर लगाए जाने का भी निर्देश ऊर्जा सचिव द्वारा दिया गया।

ऊर्जा सचिव ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में सतत, सस्ती और भरोसेमंद बिजली पहुँचाना है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि पैनल सिर्फ लगें ही नहीं, बल्कि लाभार्थी उन्हें प्रभावी रूप से उपयोग कर सकें और लंबी अवधि तक उन्हें लाभ मिल सके।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान ऊर्जा सचिव ने स्थानीय विधुत संरचनाओं एवं विद्युत वितरण प्रणाली का भी निरीक्षण किया । इस दौरान ट्रांसफार्मर की सही रख रखाव एवं अनुरक्षण का ध्यान रखने का निर्देश दिया ताकि ट्रिपिंग की समस्या का सामना विद्युत उपभोक्ताओं को नहीं करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि ऊर्जा विभाग विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति करने के लिए प्रतिबद्ध है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!