ऊर्जा सचिव ने कजरा सौर परियोजना और मोकामा ग्रिड का लिया जायजा, सूर्य घर योजना की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

पटना / ऊर्जा सचिव ने शनिवार को लखीसराय जिले की कजरा सौर परियोजना और मोकामा ग्रिड उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सौर ऊर्जा उत्पादन, ग्रिड की क्षमता और रखरखाव की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।

कजरा सौर परियोजना राज्य की महत्वपूर्ण अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं में से एक है। सचिव ने परियोजना स्थल पर चल रहे कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है और ऐसी परियोजनाओं से न सिर्फ बिजली उत्पादन बढ़ेगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

इसके बाद सचिव मोकामा ग्रिड उपकेंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने ट्रांसफार्मर, फीडर और अन्य उपकरणों की स्थिति जांची। गर्मी के मौसम में बढ़ी बिजली की मांग को देखते हुए निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रिपिंग और फॉल्ट की शिकायतों का निपटारा 24 घंटे के अंदर हो।

निरीक्षण के दौरान पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सचिव ने कहा कि इस योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जानी है। जिले में लक्ष्य के अनुसार आवेदन और इंस्टॉलेशन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाए।

बैठक में बिजली कंपनी के अधिकारियों ने सचिव को क्षेत्र में बिजली आपूर्ति, राजस्व वसूली और स्मार्ट मीटर लगाने की स्थिति की जानकारी दी। सचिव ने राजस्व बढ़ाने और बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में जिले के वरीय अधिकारी और बिजली विभाग के अभियंता भी मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!