पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को लोडेड देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान फतुहा के बरुना गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

यह कार्रवाई सोमवार को पटना-बख्तियारपुर हाईवे पर निसुबुचक गांव के पास की गई। फतुहा पुलिस यहां नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार धर्मेंद्र पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने खदेड़कर उसे दबोच लिया।
तलाशी में धर्मेंद्र की कमर से एक देसी कट्टा और उसमें लगी विंडोलिया बरामद हुई। विंडोलिया में कुल 19 जिंदा कारतूस थे। पुलिस ने उसकी बाइक और मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है।
हत्या की नीयत से निकला था
फतुहा SDPO-1 अवधेश कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में धर्मेंद्र ने स्वीकार किया है कि वह अपने ही गांव के अंजनी गोप की हत्या करने की नीयत से हथियार लेकर जा रहा था। रास्ते में ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
SDPO अवधेश कुमार ने बताया कि धर्मेंद्र के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हथियार और कारतूस उसे किसने उपलब्ध कराए और उसका आपराधिक इतिहास क्या है।
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
फतुहा से अंकित त्रिपाठी के साथ पटना से पारस नाथ की खबर।
