पटना, 28 जुलाई 2026 | बिहार पुलिस के आर्थिक अपराध प्रभाग ने सोमवार सुबह जमुई के कुख्यात अपराधी गुड्डू यादव उर्फ मच्छर यादव और उसके संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी संयुक्त कार्रवाई की। STF, जमुई और शेखपुरा पुलिस के साथ मिलकर कुल 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

pic by Google
आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या-14/26 के तहत दर्ज प्राथमिकी के अनुसार गुड्डू यादव और उसके सहयोगी पिछले 15-16 सालों से फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन की हेर-फेर, फर्जी बिक्री, रंगदारी, लूट, अपहरण और हत्या के प्रयास जैसी घटनाओं में शामिल थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि यह गिरोह राजस्व रिकॉर्ड में हेर-फेर कर अवैध कब्जा करता है और अपराध की कमाई से बड़ी संपत्ति अर्जित करता है।
गुड्डू यादव की पत्नी दुलारी देवी जमुई जिला परिषद की अध्यक्ष हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2000 से अब तक गुड्डू यादव के खिलाफ जमुई, लखीसराय और नवादा जिले के सिकन्दरा, हलसी, कौआकोल, पकडीबरावां, चन्द्रदीप थानों में हत्या, रंगदारी, अपहरण, शस्त्र अधिनियम, जमीन कब्जा से जुड़े 39 कांड दर्ज हैं। गिरोह में शामिल कुल 17 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
28.07.2026 की सुबह 8:30 बजे हुई रेड में आर्थिक अपराध इकाई ने निम्न बरामदगी की:
– *नकद*: कुल ₹34,19,500 बरामद। अकेले गुड्डू यादव के घर से ₹8,13,000 और शम्भू यादव के घर से ₹1,50,000 मिले।
– *दस्तावेज*: 100 से ज्यादा भूखंड खरीद से जुड़े एग्रीमेंट, 10 बैंक पासबुक, वाहन के कागजात, सरकारी रजिस्टर के 5 वॉल्यूम।
– *अन्य*: 79 राउंड राइफल की गोलियां, एक देशी कट्टा, 2 शराब की बोतल, स्कॉर्पियो, ट्रैक्टर, कम्बाइन मशीन।
– *वाहन*: फॉर्च्यूनर BR 46L 0006 समेत कई वाहन, जिसका इस्तेमाल गुड्डू यादव करता था।
*कितनी संपत्ति अर्जित की*
पुलिस के अनुसार:
1. *गुड्डू यादव और पत्नी के नाम*: जमुई-सिकन्दरा में 29 संपत्तियां। निबंधन मूल्य ₹2.57 करोड़, जबकि सरकारी सर्किल रेट ₹7.59 करोड़ है।
2. *सहयोगियों के नाम*: 61 दस्तावेजों से संपत्तियां खरीदी गईं। निवेश ₹3.37 करोड़, सरकारी मूल्य ₹6.65 करोड़।
इसके अलावा 10 अलग-अलग बैंकों में 10 खाते भी मिले हैं।
अभी तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है:
1. *बाबूलाल यादव* – सिकन्दरा
2. *भूषण यादव* – धरसंडा
3. *विपिन यादव* – खेवसर
4. *प्रमोद यादव* – सिकन्दरा
5. *राकेश कुमार उर्फ सोनू यादव* – सिकन्दरा
अन्य आरोपियों में ललन यादव, छोटू यादव, नैरू खान, शहनवाज अली, प्रवीण मिश्रा, मनोज यादव, रघुनन्दन यादव आदि शामिल हैं।
आर्थिक अपराध इकाई ने कहा कि यह कार्रवाई संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्ति के समाहरण के लिए शुरू की गई नई पहल “संगठित आर्थिक अपराध शाखा” के तहत की गई है। इकाई के पुलिस अधीक्षक सहित 3 अपर पुलिस अधीक्षक और 18 अन्य अधिकारी इस अभियान में शामिल थे। कुछ स्थानों पर तलाशी अभी जारी है।
पुलिस ने कहा कि बरामद सरकारी दस्तावेजों की जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। इकाई राज्य सरकार की नीति के अनुरूप संगठित अपराधियों और उनके संरक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए संकल्पित है।
