भयमुक्त मतदान, पुख्ता इंतजाम: बाँकीपुर उपचुनाव पर DM का फोकस

पटना, 29 जुलाई 2026 बाँकीपुर विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को बाँकीपुर बालिका उच्च विद्यालय स्थित डिस्पैच सेंटर पर मतदान कर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान से जुड़े सभी कर्मी पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ ड्यूटी करें। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान कर्मी रात्रि में अपने-अपने बूथों पर ही रहें। बूथों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। मतदान निर्धारित समय पर शुरू हो, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

ईवीएम और वीवीपैट जोड़ते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार मॉकपोल समय पर कराया जाए।
सेक्टर दंडाधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। बाँकीपुर उपचुनाव के लिए 16 जोनल दंडाधिकारी और 8 सुपर जोनल दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर वाहन चेक पोस्ट, सीमा सील, नाकेबंदी, नदी गश्ती, अश्वरोही गश्ती और शहर के प्रमुख स्थानों पर ड्रॉप गेट के जरिए सघन जांच की व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी ने 42 सेक्टर दंडाधिकारियों और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों से कहा कि मतदान वाले दिन वे अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करें। हर गतिविधि पर नजर रखें और भयमुक्त व निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराएं।


वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने केंद्रीय बलों और जिला पुलिस के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लाइन सुव्यवस्थित रखी जाए। मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो और अवांछित तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

ब्रीफिंग में पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल, उप विकास आयुक्त शुभम कुमार, निर्वाची पदाधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी विपिन कुमार सहित मतदान दल के पदाधिकारी, सेक्टर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और केंद्रीय बलों के अधिकारी मौजूद थे।

प्रशासन ने कहा है कि चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!