पटना, 30 जुलाई 2026 अन्तर्राष्ट्रीय मानव-व्यापार निरोध दिवस-2026 के अवसर पर बिहार पुलिस मुख्यालय की मानव-व्यापार निरोध इकाई और कमजोर वर्ग प्रभाग ने आज पटना स्थित सरदार पटेल भवन में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक, बिहार ने किया। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक, कमजोर वर्ग और पुलिस उप-महानिरीक्षक भी मौजूद रहे।

‘ऑपरेशन नया सवेरा 3.0′ के चौंकाने वाले आंकड़े
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि 01.07.2026 से 14.07.2026 तक चलाए गए विशेष अभियान “नया सवेरा 3.0” में मानव-तस्करी, अनैतिक देह-व्यापार और बाल-श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
- कुल 52 काण्ड दर्ज किए गए
- 157 पीड़ितों को मुक्त कराया गया, जिसमें 127 नाबालिग और 30 बालिग शामिल हैं
- 109 मानव-तस्कर गिरफ्तार – 52 पुरुष और 57 महिलाएं
- अन्य राज्यों से रेस्क्यू: पश्चिम बंगाल-13, उत्तर प्रदेश-01, छत्तीसगढ़-03, असम-01, उड़ीसा-15 और नेपाल से 02 पीड़िताओं को मुक्त कराया गया
जिलेवार प्रदर्शन
गिरफ्तारी में:
- पटना जिला प्रथम स्थान पर – 08 काण्डों में 25 पुरुष और 31 महिला सहित कुल 56 तस्कर गिरफ्तार
- सहरसा जिला दूसरे स्थान पर – 01 काण्ड में 04 पुरुष 09 महिला सहित 13 तस्कर गिरफ्तार
रेस्क्यू में:
- किशनगंज जिला प्रथम स्थान पर – 02 काण्डों में 13 महिला और 10 नाबालिग लड़की सहित कुल 23 पीड़िताओं को मुक्त कराया
- सीतामढ़ी जिला दूसरे स्थान पर – 04 काण्डों में 01 नाबालिग लड़की और 16 नाबालिग लड़कों सहित कुल 17 पीड़ितों को मुक्त कराया
मोतिहारी, समस्तीपुर, सिवान और अररिया जिलों के सराहनीय कार्य के लिए भी सम्मानित किया गया।

18.07.2026 से 25.07.2026 तक पूरे बिहार में “नया सवेरा-3.0” के तहत जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। 513 जगहों पर हुए इस अभियान में करीब 62,000 छात्र-छात्राएं और आम लोग शामिल हुए।
महिला अपराध कोषांग द्वारा 21.07.2026 से 10.08.2026 तक “विधि पालक युवक” अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में बच्चों को कानून की जानकारी दी जा रही है।
बगहा जिले के नौरंगिया थाना काण्ड में मानव-व्यापार के 02 दोषियों को 34 दिनों के अंदर आजीवन कारावास और 1-1 लाख रुपये की सजा सुनाई गई।
NGO की भूमिका सराहनीय
अभियान की सफलता में गैर सरकारी संगठनों का बड़ा योगदान रहा:
- एसोसिएशन फॉर वॉलन्ट्री एक्शन, बिहार: 11 काण्डों में 63 नाबालिगों को मुक्त कराकर प्रथम स्थान
- स्व0 कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान, बिहार: 07 काण्डों में 29 नाबालिगों को मुक्त कराकर द्वितीय स्थान
कार्यक्रम के अंत में अच्छे कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और NGOs को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि मानव तस्करी, बाल श्रम और अनैतिक व्यापार के उन्मूलन के लिए सभी हितधारकों को एक मंच पर आकर काम करना होगा।
