बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना 3 अगस्त को, ट्रैफिक में बड़ा बदलाव – 5 बजे सुबह से कई रास्ते रहेंगे बंद

पटना:1अगस्त 2026 पुलिस अधीक्षक, यातायात कार्यालय ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव-2026 की मतगणना को लेकर विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। मतगणना 3 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे एएन कॉलेज, पटना में होगी।

मतगणना के दिन सुगम यातायात और आम लोगों की सुविधा के लिए 3 अगस्त की सुबह 5 बजे से लेकर मतगणना समाप्ति तक कई मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।

किन रास्तों पर रहेगी पाबंदी:

  1. पूरी तरह बंद रहेंगे ये मार्ग: बोरिंग रोड चौराहा से एएन कॉलेज की ओर, मोहिनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग और बोरिंग रोड में पानी टंकी मोड़ से एएन कॉलेज की ओर सभी प्रकार के सामान्य वाहनों का परिचालन नहीं होगा।
  2. व्यवसायिक वाहन बंद: बोरिंग रोड में राजापुर पुल से हड़ताली चौक/बेली बोरिंग रोड क्रॉसिंग तक और पाटलिपुत्र गोलम्बर से एएन कॉलेज/पानी टंकी की ओर सभी व्यवसायिक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
  3. शिवपुरी रेलवे क्रॉसिंग से दुर्गा मंदिर मोड़ तक: यह मार्ग भी सामान्य यातायात के लिए बंद रहेगा।

मतगणना कर्मी और प्रत्याशियों के लिए व्यवस्था:

  1. मतगणना अभिकर्ता: इनके वाहन बेली रोड से हड़ताली चौक होते हुए दीघा आरब्लॉक नई पथ यानी अटल पथ होकर एएन कॉलेज के पीछे तक आएंगे। वाहन अटल पथ के किनारे एक लेन में पार्क होंगे और वहां से पैदल कॉलेज जाना होगा। कुर्जी मोड़/पाटलिपुत्र गोलम्बर से आने वाले वाहनों की पार्किंग सहयोग हॉस्पिटल, पाटलिपुत्रा के पास खाली मैदान में होगी।
  2. प्रत्याशी: बेली बोरिंग रोड/हड़ताली से आने वाले प्रत्याशियों के वाहन बोरिंग रोड में तपस्या मोड़ तक ही आएंगे। वहां से पैदल जाना होगा। वाहनों की पार्किंग सहदेव महतो मार्ग या लोहियानगर पथ के नीचे दरोगा राय पथ में होगी।
  3. पाटलिपुत्र/कुर्जी की ओर से आने वाले प्रत्याशी: इनके वाहन पानी टंकी मोड़ तक ही आएंगे। वहां से पैदल एएन कॉलेज जाना होगा। पार्किंग अटल पथ पर सड़क किनारे एक लेन में होगी।
  4. मीडिया: मीडिया के ओबी वैन एएन कॉलेज के बाहर सड़क किनारे पार्क किए जाएंगे।

इन वाहनों को छूट: अग्निशमन, एम्बुलेंस, शव वाहन, मरीजों के वाहन, न्यायिक कार्य से जुड़े वाहन, मतगणना कार्य से जुड़े वाहन और अन्य अनिवार्य सेवा के वाहनों को छूट दी गई है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि इस अवधि में वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें ताकि जाम की स्थिति न बने।

यह आदेश पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा और जिलाधिकारी कुंदन कुमार के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!