चेहल्लुम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश – “पूरी सजगता से करें कर्तव्य का निर्वहन


पटना: 1 अगस्त 2016 चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सजगता एवं सतर्कता के साथ कर्तव्य निर्वहन का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चेहल्लुम के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों को शांति समिति की बैठक कर स्थानीय लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा।

जुलूस को लेकर ये रहे मुख्य निर्देश

  1. लाइसेंस अनिवार्य: सभी पदाधिकारियों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि जो भी जुलूस निकाले जाएं, उनके पास विधिवत लाइसेंस हो।
  2. मार्ग का सत्यापन: जुलूस के प्रस्तावित मार्ग का पहले से भौतिक सत्यापन करा लिया जाए।
  3. विद्युत एवं सड़क सुरक्षा: विद्युत विभाग को जुलूस मार्ग में बिजली के तारों को दुरुस्त करने को कहा गया। यदि मार्ग में पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई जरूरी हो तो उसे भी समय रहते पूरा कर लिया जाए।
  4. ड्रोन से निगरानी: जुलूस की पूरी वीडियोग्राफी कराने के साथ-साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

सोशल मीडिया और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
डीएम ने साईबर सेल को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान ऐसी कोई गतिविधि न हो जिससे किसी की धार्मिक भावना आहत हो। अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी जुलूस के साथ-साथ चलें। थानाध्यक्ष जुलूस के प्रारंभ से लेकर समापन स्थल तक मौजूद रहें। संवेदनशील इलाकों में वरीय पदाधिकारी स्वयं उपस्थित रहेंगे। चिन्हित स्थानों पर रैपिड एक्शन फोर्स और क्यूआरटी की तैनाती भी की जाएगी।

अन्य विभागों को भी दिए निर्देश
नगर निकायों को अपने क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निकाय, विद्युत, स्वास्थ्य, अग्निशाम और यातायात विभाग के पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।

प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!