पटना में 3 अगस्त को बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना, सुबह 5 बजे से कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन

बिहार 24 लाइव न्यूज़ डेस्क पटना // पारस नाथ गुप्ता !

पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव-2026 की मतगणना 3 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे एएन कॉलेज, पटना में होगी। मतगणना के दौरान यातायात सुगम रखने और आम लोगों की सुविधा के लिए पटना यातायात पुलिस ने सुबह 5 बजे से ही विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने का फैसला किया है। यह व्यवस्था मतगणना समाप्त होने और यातायात सामान्य होने तक लागू रहेगी।

पुलिस अधीक्षक, यातायात, पटना द्वारा जारी सूचना के अनुसार एंबुलेंस, शव वाहन, मरीजों के वाहन, अग्निशमन, न्यायिक कार्य और मतगणना से जुड़े वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के लिए रूट में बदलाव किया गया है।

कहां-कहां रहेगा प्रतिबंध

  1. सामान्य वाहनों पर रोक: बोरिंग रोड चौराहा से एएन कॉलेज की ओर, मोहिनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग और बोरिंग रोड में पानी टंकी मोड़ से एएन कॉलेज की ओर सभी प्रकार के सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इन रूटों पर जाने वाले लोग वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  2. व्यवसायिक वाहनों पर रोक: बोरिंग रोड में राजापुर पुल से हड़ताली चौक/बेली बोरिंग रोड क्रॉसिंग तक और पाटलिपुत्र गोलम्बर से एएन कॉलेज/पानी टंकी की ओर सभी व्यवसायिक वाहनों का आना-जाना प्रतिबंधित रहेगा।
  3. शिवपुरी रेलवे क्रॉसिंग से बंद: शिवपुरी रेलवे क्रॉसिंग से एएन कॉलेज पटना दुर्गा मंदिर मोड़ तक का मार्ग सामान्य यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।

मतगणना कर्मियों और प्रत्याशियों के लिए पार्किंग व्यवस्था

  1. मतगणना अभिकर्ता: काउंटिंग एजेंट के वाहन बेली रोड से हड़ताली चौक होते हुए दीघा आर ब्लॉक नई पथ यानी अटल पथ होकर एएन कॉलेज के पीछे तक जाएंगे। अटल पथ के किनारे एक लेन में पार्किंग होगी। वहां से सभी को पैदल कॉलेज जाना होगा। कुर्जी मोड़/पाटलिपुत्र गोलम्बर से आने वाले वाहनों की पार्किंग सहयोग हॉस्पिटल पाटलिपुत्र के पास खाली मैदान में होगी।
  2. प्रत्याशी: बेली बोरिंग रोड/हड़ताली से आने वाले प्रत्याशियों के वाहन सिर्फ बोरिंग रोड में तपस्या मोड़ तक ही जा सकेंगे। वहां से उन्हें पैदल जाना होगा। वाहनों को सहदेव महतो मार्ग में या लोहियापथ के नीचे दरोगा राय पथ के किनारे पार्क कराया जाएगा। पाटलिपुत्र/कुर्जी की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग पानी टंकी मोड़ तक ही होगी, वहां से पैदल जाना होगा।

मीडिया के लिए व्यवस्था
मीडिया के ओबी वैन एएन कॉलेज के बाहर सड़क के किनारे पार्क किए जाएंगे।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए 3 अगस्त की सुबह वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!